प्रयागराज के फाफामऊ में बन रहा भारत का दूसरा सबसे लम्बा सिक्स लेन ब्रिज का : निर्माण कार्य 80% पूर्ण, जून 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य
प्रयागराज के निर्माणाधीन सिक्स लेन फाफामऊ ब्रिज का स्थलीय निरीक्षण बेली कछार और फाफामऊ मलाकहरहर में किया गया। इस दौरान प्रोजेक्ट से संबंधित सभी अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान प्रोजेक्ट मैनेजर ने सिक्स लेन ब्रिज, महाकुंभ के लिए बनाए गए अस्थायी स्टील ब्रिज, और ट्रैफिक मैनेजमेंट के बारे में विस्तृत जानकारी दी।

प्रोजेक्ट मैनेजर ने बताया कि सिक्स लेन ब्रिज का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है और अब तक लगभग 80 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। गंगा नदी के जलस्तर में वृद्धि के कारण कुछ समय के लिए कार्य की गति प्रभावित हुई थी, लेकिन जलस्तर में कमी आने के बाद निर्माण कार्य को फिर से तेज कर दिया गया है। ब्रिज के चार हैंगिग पिलरों में से दो का निर्माण पूरी तरह से हो चुका है, तीसरे पिलर का 60 प्रतिशत कार्य पूरा हो गया है, जबकि चौथे पिलर का निर्माण कार्य तेजी से प्रगति पर है। प्रोजेक्ट को जून 2026 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

महाकुंभ 2025 के दौरान प्रतापगढ़ और लखनऊ की ओर से आने वाले भारी ट्रैफिक को नियंत्रित करने के लिए अस्थायी स्टील ब्रिज का निर्माण किया गया था। यह स्टील ब्रिज कुंभ मेले के समापन के बाद हटा लिया गया। प्रोजेक्ट मैनेजर को निर्देश दिए गए कि ब्रिज के शेष कार्यों को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए।

निरीक्षण के दौरान यह भी स्पष्ट किया गया कि यदि प्रोजेक्ट के लिए जिला प्रशासन से किसी भी प्रकार के सहयोग की आवश्यकता हो, तो प्रशासन द्वारा हर संभव मदद प्रदान की जाएगी। अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के लिए कहा गया कि निर्माण कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही न हो और ब्रिज का निर्माण निर्धारित समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा हो।
यह सिक्स लेन ब्रिज प्रयागराज के यातायात को सुगम बनाने और क्षेत्र की कनेक्टिविटी को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। प्रोजेक्ट के पूरा होने से न केवल स्थानीय लोगों को सुविधा होगी, बल्कि यह क्षेत्र में पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देगा।

